Meerut News: मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम मेरठ-करनाल हाईवे पर बने भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान और उसके भाई की पिटाई का मामला उग्र हो गया। सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर धावा बोलते हुए जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख टोलकर्मी मौके से भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप था कि टोलकर्मी आए दिन मारपीट और गुंडागर्दी करते हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोटका गांव का रहने वाला कपिल सेना में तैनात है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। रविवार को वह अपने परिवार के साथ दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। इसी दौरान भूनी टोल प्लाजा पर जाम लगने से कार रुक गई। मामूली कहासुनी के बाद टोलकर्मियों ने कपिल को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से पिटाई शुरू कर दी। कपिल का भाई शिवम बचाने आया तो उसे भी बेरहमी से पीटा गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कपिल के पिता ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा टोलकर्मियों को नामजद किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
सोमवार सुबह गांव के सैकड़ों लोग टोल प्लाजा पर जमा हो गए और बैरियर व केबिन तोड़ डाले। ग्रामीण वहीं धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर एसडीएम सरधना और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना था कि टोलकर्मी अक्सर गुंडों के साथ मिलकर स्थानीय लोगों से बदसलूकी करते हैं।
हंगामे की खबर मिलते ही भाजपा नेता संगीत सोम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने टोल हटाने की मांग की और अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों ने आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
एसपी देहात राकेश मिश्र ने बताया कि फौजी से मारपीट की घटना बेहद गंभीर है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Hindi News | Uttar Pradesh Jaunpur News: ससुर की डांट से आहत बहू ने बच्चों संग खा लिया जहर, एक की मौत
ताज़ा हिंदी न्यूज़ (Latest Hindi News) | ब्रेकिंग न्यूज़, खेल (cricket news), और मनोरंजन की पूरी जानकारी पढ़ें हिंदी में।
Disclaimer:
इस पोस्ट की जानकारी abplive द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट पर आधारित है, जो आप यहाँ पढ़ सकते हैं:
Source: https://www.abplive.com/states/up-uk/meerut-news-villagers-got-angry-due-to-the-beating-of-the-soldier-vandalized-the-toll-plaza-ann-2997618/
